साजिया ने नागरिक सुरक्षा कार्यालय में पकड़ा घोड़ा पछाड़ सांप, अधिकारियों ने किया सम्मानित
- नागरिक सुरक्षा के डिप्टी चीफ वार्डन पंकज सक्सेना साजिया को सांप आदि पकड़ने के लिए देंगे किट
मुरादाबाद, 26 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मुरादाबाद के थाना सिविल लाइन क्षेत्र स्थित चक्कर की मिलक बांग्ला गांव निवासी युवती साजिया ने सिविल लाइन स्थित नागरिक सुरक्षा कार्यालय में शनिवार काे घोड़ा पछाड़ सांप पकड़ा । इस मौके पर नागरिक सुरक्षा विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और वार्डनों ने साजिया को प्रशस्ति पत्र व बुकें देकर सम्मानित किया। साजिया ने बताया कि वह बिना डरे सांपों को पकड़कर उन्हें रामगंगा नदी के किनारे जंगली क्षेत्र में छोड़ देती हैं।
नागरिक सुरक्षा कार्यालय के पिछले हिस्से में एमटीएस किशन को शनिवार सुबह एक सांप दिखाई दिया। जिसकी सूचना उन्होंने कार्यालय के डॉ तुषार अग्रवाल और चमन शर्मा को दी। सहायक उपनियंत्रक सतीश कुमार को भी बताया गया। इसके बाद सतीश कुमार ने सांप को पकड़ने वाली चक्कर की मिलक बांग्ला गांव निवासी साजिया पुत्री अनीस से संपर्क किया गया। कुछ ही देर में साजिया अपने पिता अनीस के साथ नागरिक सुरक्षा कार्यालय पहुंची और उन्होंने सांप को पकड़ कर हवादार डिब्बे में बंद कर लिया।
सांप पकड़ने के बाद साजिया ने बताया कि यह घोड़ा पछाड़ सांप है। मैं इस सांप को रामगंगा नदी के किनारे जंगलीय क्षेत्र में छोड़ दूंगी। यह ज़हरीला तो नहीं होता है लेकिन इसके काटने से शरीर में इंफेक्शन फैलने की संभावना रहती है। इसीलिए यदि यह सांप किसी को काट लेता है तो उसे चिकित्सीय परामर्श लेकर जरूरी उपचार आवश्यक करना चाहिए।
नागरिक सुरक्षा कार्यालय के उप नियंत्रक नीरज चक ने साजिया के द्वारा कार्यालय में सांप पकड़ने के कार्य की सराहना की गई। उन्होंने कहा कि सजा के द्वारा बिना किसी डर के निःस्वार्थ भाव से सांप पकड़ा गया है यह हम सभी के लिए प्रेरणा स्रोत है। नागरिक सुरक्षा के डिप्टी चीफ वार्डन पंकज सक्सेना के द्वारा घोषणा की गई कि वह नागरिक सुरक्षा की स्थापना दिवस पर साजिया को सांप आदि पकड़ने के लिए एक किट प्रदान करेंगे जिससे यह कार्य बेहतर और सुरक्षा पूर्वक कर सकें।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

