संत किसी कौम या धर्म की स्थापना नहीं, बल्कि मानव कल्याण का संदेश लेकर आते हैं : पंकज महाराज

WhatsApp Channel Join Now
संत किसी कौम या धर्म की स्थापना नहीं, बल्कि मानव कल्याण का संदेश लेकर आते हैं : पंकज महाराज


संत किसी कौम या धर्म की स्थापना नहीं, बल्कि मानव कल्याण का संदेश लेकर आते हैं : पंकज महाराज


- शाकाहार-सदाचार और नशामुक्ति का दिया संदेश, 108 दिवसीय जनजागरण यात्रा के 101वें पड़ाव पर हुआ भव्य सत्संग

मीरजापुर, 29 नवंबर (हि.स.)। संत किसी जाति, कौम या धर्म-मजहब की सीमा में बंधे नहीं होते। वे संपूर्ण मानव समाज के कल्याण का संदेश लेकर आते हैं। उनका उद्देश्य लोगों को सदाचार, भक्ति और अच्छे कर्मों के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देना है। यह बातें जयगुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था मथुरा के संस्थाध्यक्ष संत पंकज महाराज ने रविवार को हलिया विकास खंड के बरुआ-औरा पहाड़ी पर आयोजित सत्संग समारोह में कहीं।

संत पंकज महाराज अपनी 108 दिवसीय शाकाहार-सदाचार, मद्यनिषेध वैचारिक जनजागरण यात्रा के साथ यहां 101वें पड़ाव पर पहुंचे थे। उनके आगमन पर बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं ने भव्य स्वागत किया। सत्संग में महाराज ने कहा कि संत, महात्मा और फकीर किसी कौम या संप्रदाय को बनाने नहीं आते। वे जाति-पाति और धर्म-मजहब से ऊपर उठकर सभी के कल्याण की कामना करते हैं। उनका उद्देश्य जीवात्मा को प्रभु से जोड़ना और लोगों को बुरे कर्मों से मुक्ति का मार्ग दिखाना है।

उन्होंने कहा कि प्रभु को बाहर खोजने की जरूरत नहीं है। वह प्रत्येक मनुष्य के भीतर विद्यमान है। सत्संग अमूल्य धन है, जो जीवात्मा पर जन्मों-जन्मों से चढ़ी बुराइयों की गंदगी को साफ करता है। उन्होंने सूरत शब्द योग, नाम दान, सुमिरन, ध्यान और भजन की विधि समझाते हुए नियमित साधना करने का आह्वान किया।

महाराज ने लोगों से शाकाहार अपनाने, नशे से दूर रहने और सदाचारपूर्ण जीवन जीने की अपील की। कहा कि नई पीढ़ी को भी अच्छे संस्कार देना समाज की बड़ी सेवा है। बच्चे संस्कारी और चरित्रवान बनेंगे तो समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा। उन्होंने लोगों से स्वयं भजन करने के साथ दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।

इस दौरान जिलाध्यक्ष घूरन प्रसाद, संगठन मंत्री एवं प्रवक्ता मोतीलाल सिंह, नारायण दास पाल, रामधनी, कमलेश, विवेक सिंह, ज्ञानचंद शुक्ला, उमाकांत पाल, बब्बू पाल, परमेश्वर पाल, लल्लू, दुनमुन कोल, जगदीश कोल, पुरुषोत्तम, बविन्दर, हरिशंकर यादव, राजू यादव, लालता कोल, पूर्व प्रधान जगनारायण, हीरालाल अग्रहरि सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। आयोजन में सुरेंद्र कुमार मास्टर का विशेष सहयोग रहा। सत्संग के बाद जनजागरण यात्रा अपने 102वें पड़ाव ग्राम पिपरा के लिए रवाना हो गई।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785289 Articles

Share this story