मीरजापुर : नवरात्र मेले से पहले नाविकों को मिली 5440 लाइफ जैकेट

WhatsApp Channel Join Now
मीरजापुर : नवरात्र मेले से पहले नाविकों को मिली 5440 लाइफ जैकेट


मीरजापुर, 15 मार्च (हि.स.)। आगामी चैत्र नवरात्र मेला को देखते हुए विंध्याचल क्षेत्र में नाविकों की सुरक्षा के लिए प्रशासन की ओर से बड़ी पहल की गई है। राज्य सरकार में सचिव राजस्व एवं राहत आयुक्त डॉ. ऋषिकेश भास्कर यशोद की ओर से मीरजापुर को कुल 5440 लाइफ जैकेट उपलब्ध कराई गई हैं।

जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के निर्देश पर रविवार को नगर विधायक रत्नाकर मिश्र ने अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) अजय कुमार सिंह की मौजूदगी में विंध्याचल के दीवान घाट पर चिन्हित नाविकों को 1500 लाइफ जैकेट का निःशुल्क वितरण किया।

प्रशासन के अनुसार उत्तर प्रदेश नाव सुरक्षा एवं नाविक कल्याण नीति-2020 के तहत वर्ष 2023 में तहसील स्तरीय समिति के माध्यम से जनपद के सभी नाविकों का सत्यापन कराया गया था। इसके बाद पर्यटन प्रबंध संस्थान लखनऊ के सहयोग से नाविकों को तहसील सदर व चुनार में विषय विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।

नाविकों के डाटा को वर्ष 2025 में नाव प्रबंधन पोर्टल पर नाव के विवरण के साथ मैप भी किया गया है। जिन नाविकों के पास नाव की क्षमता के अनुसार लाइफ जैकेट उपलब्ध नहीं थीं, उन्हें राहत आयुक्त कार्यालय लखनऊ की ओर से उपलब्ध कराई गई जैकेट वितरित की जा रही हैं।

प्रशासन ने बताया कि सदर व चुनार तहसील क्षेत्र में संचालित छोटी, बड़ी और मझौली नावों से जुड़े सभी नाविकों को कुल 5440 लाइफ जैकेट वितरित की जाएंगी, जिससे नवरात्र मेले के दौरान गंगा में नाव संचालन और अधिक सुरक्षित हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story