सब्जी मंडी की दुकानों में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान
फिरोजाबाद, 19 अप्रैल (हि.स.)। थाना शिकोहाबाद क्षेत्र अन्तर्गत सब्जी मंडी में शनिवार देर रात दुकानों में भीषण आग लग गई। मौके पर पहुंची फायर टीम ने आग पर काबू पाया। आग की चपेट में आने से करीब 50 से 60 दुकानों के जलने और उससे लाखों के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो आग ने मंडी के करीब 50 से 60 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। लोग आग बुझाने के प्रयास में जुटे, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना मिलते ही थाना पुलिस के साथ फायर बिग्रेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई। फायर बिग्रेड टीम ने आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए। आग इतनी भयंकर थी कि दमकल की कई गाड़ियों को आग पर काबू पाने में करीब चार से पांच घंटे की कड़ी में मशक्कत करनी पड़ी। आग की लपटें दूर-दूर तक देखी जा रही थीं। जिन दुकानों में आग लगी है उनमें अधिकांश दुकान सब्जी और कपड़े की है। अग्निकांड में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान जताया जा रहा है, हालांकि किसी भी प्रकार की कोई जनहानि की जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है। प्राथमिक जांच में अग्निकांड का कोई कारण भी सामने निकलकर नहीं आया है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी सत्येंद्र पाण्डेय का कहना है कि आग लगने की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी। दमकल वाहनों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया है। मंडी में अधिकतर कपड़ों और सब्जी की दुकानें हैं। आग लगने के कारणों के बारे में जानकारी की जा रही है। जांच के बाद ही आग लगने की वजह और नुकसान का आंकलन होगा। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

