साइबर ठगी के शिकार व्यक्ति के खाते में लौटे 1.60 लाख रुपये

WhatsApp Channel Join Now
साइबर ठगी के शिकार व्यक्ति के खाते में लौटे 1.60 लाख रुपये


मीरजापुर, 25 सितंबर (हि.स.)। साइबर ठगी के मामले में कोतवाली शहर की साइबर सेल टीम ने कार्रवाई करते हुए पीड़ित के खाते में 1,60,174 रुपये वापस करा दिए। पीड़ित ने पुलिस टीम का आभार जताया।

जयरामगिरी की बगिया निवासी रामराजा ने पांच नवंबर 2025 को नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर ऑनलाइन ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि इंडिया मार्ट एप पर उनके रजिस्ट्रेशन से साइबर ठग ने मोबाइल नंबर हासिल कर संपर्क किया। उसने खुद को बड़ौदरा की डीप इंटरप्राइजेज कंपनी से जुड़ा बताते हुए मेटल की डिलीवरी का सौदा करने का झांसा दिया।

पीड़ित के अनुसार करीब एक सप्ताह तक बातचीत के बाद ठग ने इनवाइस और ट्रांसपोर्ट की व्यवस्था करने की बात कही। इसके बाद अलग-अलग किस्तों में उससे कुल 3.20 लाख रुपये ले लिए गए। रकम लेने के बाद न तो माल पहुंचाया गया और न ही रकम वापस की गई। ठगी का एहसास होने पर उसने साइबर पोर्टल पर शिकायत की।

शिकायत मिलने के बाद कोतवाली शहर की साइबर सेल टीम ने बैंकिंग लेनदेन की जांच शुरू की। पुलिस के प्रयास से ठगी की रकम में से 1,60,174 रुपये पीड़ित के खाते में वापस कराए गए।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में हुई कार्रवाई के बाद पीड़ित ने पुलिस अधिकारियों और साइबर सेल टीम का आभार जताया। पुलिस ने उसे ऑनलाइन ठगी से बचने के उपायों की जानकारी भी दी। कार्रवाई में थानाध्यक्ष दयाशंकर ओझा और महिला कांस्टेबल पारुल श्रीवास्तव शामिल रहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story