आरपीआई (अठावले) के प्रदेश अध्यक्ष पवन भाई गुप्ता की अगुवाई में कई दलों से आए कार्यकर्ता पार्टी में शामिल

WhatsApp Channel Join Now
आरपीआई (अठावले) के प्रदेश अध्यक्ष पवन भाई गुप्ता की अगुवाई में कई दलों से आए कार्यकर्ता पार्टी में शामिल


लखनऊ, 25 मई (हि.स.)। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री डॉ. रामदास अठावले की जनहितैषी नीतियों और उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष पवन भाई गुप्ता के कुशल संगठनात्मक नेतृत्व से प्रभावित होकर प्रदेश के विभिन्न जिलों के कार्यकर्ताओं ने पार्टी का दामन थामा है। लखनऊ स्थित कसमंडा अपार्टमेंट में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अलीगढ़, मुजफ्फरनगर, हापुड़, शामली और सहारनपुर सहित कई जिलों से आए नए पदाधिकारियों को प्रदेश अध्यक्ष पवन भाई गुप्ता ने पार्टी की सदस्यता दिलाई और उन्हें विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्त किया।

शोषितों और वंचितों की आवाज बनेगा संगठन

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष पवन भाई गुप्ता ने कहा कि आरपीआई का मुख्य उद्देश्य उत्तर प्रदेश के अंतिम पायदान पर खड़े शोषित, दलित, वंचित और पीड़ित वर्ग की आवाज बनना है। उन्होंने कहा कि हमारा संगठन पूरे प्रदेश में इन वर्गों के हक और सम्मान के लिए संघर्ष करेगा। पार्टी अब जिला, तहसील और ब्लॉक स्तर तक अपनी पहुंच मजबूत कर रही है और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। उन्होंने यह भी संकल्प लिया कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और डॉ. राम मनोहर लोहिया के विचारों को घर-घर तक पहुंचाया जाएगा और समाज में व्यापक जागृति अभियान चलाया जाएगा।

नवनियुक्त पदाधिकारीगण

संगठन को नई मजबूती प्रदान करते हुए प्रदेश अध्यक्ष पवन भाई गुप्ता ने अलीगढ़ से कृष्ण कुमार को जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके साथ ही, स्थानीय स्तर पर संगठन के विस्तार के लिए मोहम्मद जावेद को बुढ़ाना का तहसील अध्यक्ष, अंकित कुमार को हापुड़ का ब्लॉक अध्यक्ष, रामधन को सिंभावली का ब्लॉक अध्यक्ष, ओमवीर को गढ़मुक्तेश्वर का ब्लॉक अध्यक्ष और सौरभ डबास को धौलाना का ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त, सियाराम को थाना भवन का अध्यक्ष, संदीप कुमार को गंगोह का विधानसभा अध्यक्ष और धनपाल कपिल को मुकुट का विधानसभा अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। पार्टी के नवनियुक्त पदाधिकारियों ने विश्वास दिलाया कि वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ संगठन के विस्तार और समाज सेवा के कार्यों में अपनी भूमिका निभाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story