तम्बाकू गोदाम की छत पर सो रहे मजदूर की गिर कर मौत

WhatsApp Channel Join Now
तम्बाकू गोदाम की छत पर सो रहे मजदूर की गिर कर मौत


फर्रुखाबाद,24 अप्रैल (हि.स.)। कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के उलियापुर गांव में गुरुवार देर रात तंबाकू गोदाम की छत पर सो रहे एक वृद्ध श्रमिक की नीचे गिरने से मौके पर ही मौत हो गई।

कोतवाल विनोद कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान कन्नाैज के अराैल निवासी 65 वर्षीय मोहम्मद नवाब के रूप में हुई है। वह उलियापुर स्थित अंकुर गंगवार के तंबाकू गोदाम में मजदूरी करता और वहीं अपने अन्य साथियों के साथ साे जाता था।गुरुवार की रात वह छत पर सो रहा था। देर रात मोहम्मद नवाब लघुशंका के लिए उठे थे। छत पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण उनका संतुलन बिगड़ा और वह सीधे नीचे खड़े कृषि यंत्र हैरो पर जा गिरे। सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक रक्तस्राव के चलते उनकी मौके पर ही मौत हो गई। शुक्रवार सुबह जब साथी श्रमिक सलीम और मोहम्मद मियां उठे तो उन्होंने घटना की जानकारी गाेदाम मालिक और पुलिस काे दी।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। कोतवाल बताया कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story