हलिया से वाराणसी के लिए रोडवेज बस सेवा शुरू
- सुबह 6:20 बजे हलिया से चलेगी बस, शाम 5:30 बजे वाराणसी से होगी वापसी
मीरजापुर, 15 नवंबर (हि.स.)। मीरजापुर जनपद के हलिया क्षेत्र के लोगों को रविवार से वाराणसी के लिए सीधी रोडवेज बस सेवा की सुविधा मिल गई। हलिया बाजार स्थित हनुमान मंदिर से बस का संचालन शुरू किया गया। अब तक क्षेत्र के लोग सरकारी बस सेवा से वंचित थे और जिला मुख्यालय, तहसील मुख्यालय व वाराणसी जाने के लिए निजी वाहनों पर निर्भर रहते थे।
रोडवेज बस प्रतिदिन सुबह 6:20 बजे हलिया से रवाना होगी। यह कोटाघाट, तिलाव, रजई, लालगंज और मीरजापुर होते हुए वाराणसी पहुंचेगी। वापसी में बस शाम 5:30 बजे वाराणसी से हलिया के लिए चलेगी।
बस सेवा शुरू होने से छात्र-छात्राओं, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और मरीजों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। ग्रामीणों को अब जिला और तहसील मुख्यालय पहुंचने के लिए भी सीधी परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।
बस संचालन शुरू होने पर ग्राम प्रधान शिव बाबू सेठ, तारा मंटू सिंह, शशि पटेल, शिवा अग्रहरि, श्याम नारायण मौर्य और धर्मेंद्र दुबे ने खुशी जताई। उक्त लाेगाें ने बस का नियमित संचालन जारी रखने की मांग की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

