औरैया : पुलिस ने यातायात नियमों के प्रति स्कूली बच्चों को किया जागरूक, सड़क सुरक्षा का दिया संदेश

WhatsApp Channel Join Now
औरैया : पुलिस ने यातायात नियमों के प्रति स्कूली बच्चों को किया जागरूक, सड़क सुरक्षा का दिया संदेश


-हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग की दी जानकारी

-परिवार के लोगों को भी जागरूक करने की अपील।

औरैया, 05 नवम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में यातायात माह के तहत गुरुवार को इराज इंटरनेशनल स्कूल ककोर में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती के निर्देशन में यातायात पुलिस की ओर से आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान यातायात प्रभारी ने छात्र-छात्राओं को सुरक्षित आवागमन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की। साथ ही निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने और सड़क पार करते समय विशेष सावधानी बरतने के बारे में बताया।

उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं को स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ ही अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। औरैया पुलिस की ओर से यातायात माह के अंतर्गत जिलेभर में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772914 Articles

Share this story