कुशीनगर में बेकाबू अनुबंधित बस का कहर, महिला की मौत, 16 घायल

WhatsApp Channel Join Now
कुशीनगर में बेकाबू अनुबंधित बस का कहर, महिला की मौत, 16 घायल


कुशीनगर में बेकाबू अनुबंधित बस का कहर, महिला की मौत, 16 घायल


कुशीनगर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के पडरौना नगर में मंगलवार शाम को एक बेकाबू अनुबंधित रोडवेज बस ने जमकर कहर बरपाया। पीडी मॉल के पास अनियंत्रित हुई बस राहगीरों और वाहनों को टक्कर मारते हुए करीब एक किलोमीटर तक दौड़ती रही। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 16 लोग घायल हो गए। इनमें तीन की हालत नाजुक है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी सक्रिय हुए और घायलों का हाल जानने कुशीनगर मेडिकल कॉलेज पहुंचे।

पडरौना नगर में पीडी मॉल के पास अचानक बस अनियंत्रित हो गई। इसके बाद बस ने सड़क पर चल रहे कई राहगीरों को टक्कर मार दी। रास्ते में आने वाले वाहनों को भी बस ने जोरदार टक्कर मारी। करीब एक किलोमीटर तक बस के अनियंत्रित होकर चलने से सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों की मदद की और उन्हें अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया।

चालक के नशे में होने की आशंका

बताया जा रहा है कि बस चालक शराब के नशे में वाहन चला रहा था। हालांकि, चालक के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रविंद्रनगर क्षेत्र में बैरियर लगाकर बस को रुकवाया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेने के साथ चालक को भी हिरासत में ले लिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराए गए घायल

मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ के पी गौड़ ने बताया कि हादसे में घायल सभी 16 लोगों को इलाज के लिए कुशीनगर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। इनमें तीन की हालत नाजुक है एक महिला की मौत हो गई है। वही पड़रौना एसडीएम विवेक मिश्रा ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों के उपचार की जानकारी लिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हादसे के बाद पडरौना नगर में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767960 Articles

Share this story