तेज रफ्तार बस ने बाइक सवाराें को मारी टक्कर, दो मासूम भाइयों की मौत
कानपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के बिधनू थाना क्षेत्र में शनिवार को तेज रफ्तार निजी बस की टक्कर से बाइक सवार दो मासूम भाइयों की मौत हो गई, जबकि उनके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बस चालक मौके से भागने लगा, लेकिन राहगीरों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घायल को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। वहीं दोनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस पड़ताल में जुट गई है।
भाऊर गांव निवासी अमर बहादुर निषाद किसान हैं। आज को वह अपने चार वर्षीय बेटे आयुष और ढाई वर्षीय बेटे पीयूष को बाइक पर बैठाकर जहानाबाद स्थित अपनी ससुराल जा रहे थे। मझावन कस्बे के पास केनरा बैंक के सामने पहुंचे, तभी साढ़ की तरफ से आ रही सवारियों से भरी निजी बस के चालक ने आगे निकलने के प्रयास में बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर आगे बैठा पीयूष उछलकर बस के अगले शीशे से जा टकराया। वहीं आयुष बस की चपेट में आकर करीब 100 मीटर तक घिसटता चला गया। हादसे में दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद बस चालक ने रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश की, लेकिन आसपास मौजूद राहगीरों ने बस को रुकवाकर चालक को पकड़ लिया और पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस ने घायल अमर बहादुर को तत्काल हैलट अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। दोनों बच्चों की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
बिधनू थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि हादसे के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

