औरैया के व्यवसायी और बेटे की यमुना एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसे में मौत

WhatsApp Channel Join Now
औरैया के व्यवसायी और बेटे की यमुना एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसे में मौत


मथुरा/औरैया, 19 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार तड़के हुए सड़क हादसे में औरैया के एक व्यवसायी और उनके बेटे की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

बलदेव थाना क्षेत्र के बरौली गांव के पास माइलस्टोन 136 पर सुबह करीब तीन बजे यह हादसा हुआ। सुल्तानपुर डिपो की एक रोडवेज बस एक्सप्रेसवे पर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बस में जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार सवार दिबियापुर निवासी व्यवसायी परमहंस पांडेय और उनके बेटे पुष्पेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों दिल्ली जा रहे थे, जहां वे अपना कारोबार संभालते थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना इतनी भयावह थी कि आसपास मौजूद लोग भी सहम गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त कार से शवों को बाहर निकाला गया। घटना की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली, परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन तत्काल दिबियापुर से मथुरा के लिए रवाना हो गए। वहीं, मोहल्ले और परिचितों में भी घटना को लेकर गहरा दुख व्याप्त है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story