बांदा: अलग-अलग सड़क हादसों में दो की मौत

WhatsApp Channel Join Now

बांदा, 01 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए दो सड़क हादसों में एक युवक और एक किशोर की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) शिवराज ने बताया कि पहली घटना गिरवां थाना क्षेत्र के महुआ गांव की है। यहां का रहने वाला 26 वर्षीय रामनारायण बुधवार शाम ट्रैक्टर में बैठकर कहीं जा रहा था। ट्रैक्टर की रफ्तार अधिक होने के कारण महुआ गांव के पास वह अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में रामनारायण गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक बाबा पांडे मौके से फरार हो गया।

मृतक के भाई रामचंद्र ने बताया कि रामनारायण मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। दूसरी घटना मरका थाना क्षेत्र के कलाना गांव में रहने वाले 16 वर्षीय प्रियांशु बुधवार को साधु डेरा निवासी मन्नी सिंह के साथ ट्रैक्टर में बैठकर गया था। वह ट्रैक्टर के बोनट पर बैठा हुआ था। तेज रफ्तार के चलते वह उछलकर नीचे गिर गया और ट्रैक्टर का पहिया उसके ऊपर चढ़कर निकल गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Share this story