ट्रक की टक्कर से फेरी वाले की मौत
मीरजापुर, 29 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में पड़री थाना क्षेत्र के ऊसरहवा गांव के पास बुधवार को तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक फेरी वाले की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
पुलिस के अनुसार कुशीनगर जनपद के रामकोला थाना क्षेत्र स्थित अमडरिया गांव निवासी रामदेव (55) पुत्र सूर्यबली कपड़ा फेरी का काम करते थे। वह सड़क किनारे गाड़ी खड़ी कर शौच के लिए जा रहे थे, तभी चुनार की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पुत्र मनोज गौड़ की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपित चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

