कुशीनगर : सड़क हादसे में बेटे समेत दंपति की मौत, बेटी घायल

WhatsApp Channel Join Now
कुशीनगर : सड़क हादसे में बेटे समेत दंपति की मौत, बेटी घायल


कुशीनगर : सड़क हादसे में बेटे समेत दंपति की मौत, बेटी घायल


कुशीनगर, 16 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में रामकोला थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह सड़क हादसे में दंपति और बेटे की मौत हो गई। वहीं बेटी गंभीर रूप से घायल है और इलाज के गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

गोरखपुर जिले के पिपराइच वार्ड नंबर-9 निवासी रामलखन मद्धेशिया (38) अपनी पत्नी शशिकला (35), बेटे रौनक (9) और बेटी लाडो (11) के साथ मंगलवार सुबह बिहार स्थित मदनपुर देवी स्थान में दर्शन-पूजन के लिए बाइक से निकले थे। सुबह करीब 6:30 बजे जब उनका परिवार कुशीनगर जनपद के रामकोला थाना क्षेत्र अंतर्गत कप्तानगंज-नेबुआ नौरंगिया मार्ग पर खोटही स्थित निर्भया सलालवीर फिलिंग स्टेशन के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रहे एक टैंकर से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि रामलखन मद्धेशिया और उनके पुत्र रौनक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल पत्नी शशिकला और बेटी लाडो को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने शशिकला को भी मृत घोषित कर दिया। वहीं, बेटी लाडो की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी। इधर, घटना की जानकारी पर परिवार के अन्य लोग भी पहुंच गए।

उन्होंने बताया कि रामलखन मद्धेशिया अपने भाई गणेश मद्धेशिया के साथ पिपराइच में मिठाई की दुकान चलाते थे। दोनों भाई अलग-अलग परिवारों के साथ रहते थे। रामलखन के पिता का पहले ही निधन हो चुका है, जबकि उनकी वृद्ध मां जीवित हैं। बेटे, बहू और पोते की एक साथ मौत की खबर मिलते ही मां और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और वृद्ध मां का रो-रोकर बेहाल है।

परिजनों ने बताया कि रामलखन धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति थे और अक्सर मंगलवार के दिन परिवार के साथ देवी मंदिरों में दर्शन करने जाया करते थे। इस बार भी पूरा परिवार श्रद्धा के साथ देवी दर्शन के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने रामलखन, उनकी पत्नी और बेटे की मौत हो गई।

रामकोला थाना प्रभारी चंद्रभान सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने टैंकर को कब्जे में ले लिया है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय रविंद्रनगर धूस भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Share this story