आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कार पलटी, एक की मौत, दो घायल
कानपुर, 09 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के अरौल थाना क्षेत्र अंतर्गत आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सोमवार को तेज रफ्तार वाहन से बचने के प्रयास में एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग से टकरा कर पलट गई। हादसे में कार सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि दो की गंभीर हालत को देखते हुए कानपुर रेफर कर दिया गया।
अयोध्या के महाराजगंज थाना क्षेत्र के मुड़ाडिहा, पूरा बाजार निवासी सुरेंद्र यादव आज अपने साथी लाल साहब यादव (40) और रवींद्र चौरसिया के साथ सैफई गए थे। तीनों शाम को कार से घर लौट रहे थे। कार सुरेंद्र यादव चला रहे थे। अरौल स्थित फूड प्लाजा के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहन से बचने के प्रयास में सुरेंद्र कार पर नियंत्रण खो बैठे। कार सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर यूपीडा के सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार को सीधा कर घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने लाल साहब यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं सुरेंद्र यादव और रवींद्र चौरसिया को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर कर दिया गया।
थाना प्रभारी विनय कुमार तिवारी ने बताया कि हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक व्यक्ति की मौत हो गई। दो घायलों को बेहतर इलाज के लिए कानपुर भेजा गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

