फ्लाईओवर के पाइप से टकराई बाइक, युवक की मौत, दो साथी गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
फ्लाईओवर के पाइप से टकराई बाइक, युवक की मौत, दो साथी गंभीर


कानपुर, 09 जून (हि.स.)। बर्रा बाईपास पर मंगलवार को तेज रफ्तार बाइक दुर्घटना का शिकार हो गई। फ्लाईओवर के जल निकासी पाइप से बाइक का हैंडल टकराने के बाद बाइक सवार तीन युवक सड़क पर दूर तक घिसटते चले गए। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है।

जूही परमपुरवा निवासी नूर अहमद का बेटा नावेद अहमद उर्फ चंदू (20) घर से बाल कटवाने की बात कहकर निकला था। उसके साथ नूरे अंसारी और राशिद कुरैशी भी बाइक पर सवार थे। बताया गया कि तीनों दोस्त बर्रा बाईपास सर्विस लेन से नौबस्ता की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एलिवेटेड फ्लाईओवर के नीचे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और हैंडल जल निकासी पाइप से टकरा गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पाइप उखड़कर दूर जा गिरा और तीनों युवक करीब 50 मीटर तक सड़क पर घिसटते चले गए। हेलमेट न पहनने के कारण तीनों के सिर में गंभीर चोटें आईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को कांशीराम अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने नावेद को मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक उपचार के बाद नूरे और राशिद को हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। इनमें राशिद की हालत गंभीर बताई जा रही है।

नावेद की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन अस्पताल पहुंचकर बदहवास हो गए। नावेद परिवार का इकलौता बेटा था और कुछ समय पहले ही मुंबई से वापस लौटा था।

बर्रा इंस्पेक्टर रवींद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर हादसे की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और हेलमेट न पहनना दुर्घटना की बड़ी वजह माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story