सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार बाइक एजेंसी मालिक की मौत, मैकेनिक घायल
फिरोजाबाद, 04 फरवरी (हि.स.)। शिकोहाबाद थाना क्षेत्र अन्तर्गत मंगलवार देर रात सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार एजेंसी मालिक की मौत हो गई, जबकि मैकेनिक घायल हो गया। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लाई है।
थाना नगला खंगर क्षेत्र के नगला ताल निवासी विपिन कुमार यादव ने अभी हाल ही में नगला खंगर में होंडा बाइक की एजेंसी ली थी, जिसे अभी एक माह भी पूरा नहीं हुआ है। वह मंगलवार शाम अपने कर्मचारी मेकैनिक रामनिवास निवासी नगला गुलाल के साथ एजेंसी के काम से शिकोहाबाद आये थे। देर रात को जब वह लौटकर जा रहे थे, तभी शिकोहाबाद के मैनपुरी चौराहे पर विपरीत दिशा से आ रहे ऑटो ने उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों लोग सड़क पर गिर गए, तभी पीछे से आ रहे एक टैंकर ने उन दोनों को रौंद दिया। दुर्घटना देख लोगों की भीड़ जमा हो गई।
स्थानीय लोगों की सूचना पाकर माैके पर पहुंची पुलिस ने घायलाें काे शिकोहाबाद के संयुक्त अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने विपिन को मृत घोषित कर दिया। राम निवास की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया। उधर हादसे की जानकारी मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंचे और उनका रो-रो कर हाल बेहाल है।
थाना प्रभारी अनुज कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजकर मामले में एफआईआर दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

