बस पलटने से 12 यात्री घायल, उपमुख्यमंत्री ने उपचार और मदद के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
बस पलटने से 12 यात्री घायल, उपमुख्यमंत्री ने उपचार और मदद के दिए निर्देश


बस पलटने से 12 यात्री घायल, उपमुख्यमंत्री ने उपचार और मदद के दिए निर्देश


फिरोजाबाद, 12 नवंबर (हि.स.)। थाना पचोखरा क्षेत्र अन्तर्गत टूंडला-एटा रोड पर बृहस्पतिवार रात सवारियों से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गई। इस हादसे में बस में सवार करीब 12 यात्री घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया है।

थाना पचोखरा क्षेत्र अन्तर्गत टूंडला-एटा रोड पर बृहस्पतिवार रात उस समय चीख पुकार मच गई जब सवारियों से भरी एक बस अचानक सड़क पर अनियंत्रित होकर पलट गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने तत्काल राहत बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस के अंदर फंसे घायल यात्रियों को कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस के जरिए सभी घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र और गंभीर रूप से घायल यात्रियों को जिला अस्पताल भिजवाया। इसी बीच घटना की सूचना पाकर सीओ टूंडला भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले का बारीकी से निरीक्षण किया। हालांकि इस दुर्घटना के तुरंत बाद बस के चालक और परिचालक के अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने की बात सामने आई है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को अपने कब्जे में लेकर क्रेन की मदद से सड़क से हटवाया और बाधित हुए यातायात को फिर से सुचारू करा दिया है। पुलिस घटना की जांच के साथ ही लापरवाह चालक और परिचालक की तलाश कर रही है।

थानाध्यक्ष पचोखरा सुरेन्द्र भाटी ने बताया कि एटा-टूंडला मार्ग पर एक बस पलटने से घायल हुए सभी लोगों को समय पर अस्पताल पहुंचा दिया गया है। सभी घायलों की हालत फिलहाल खतरे से पूरी तरह बाहर है।

उपमुख्यमंत्री ने हादसे पर जताया दुख, उपचार के दिए निर्देशउत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने इस हादसे पर दुख जताते हुए घायलों को समुचित उपचार के निर्देश दिये है। उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर लिखा है कि जनपद फिरोजाबाद में एटा से टूंडला आ रही रोडवेज बस के सड़क दुर्घटना होने से कई लोगों के घायल होने की घटना अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है। सभी घायलों को स्वास्थ्य उपचार हेतु नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टूंडला में भर्ती कराया गया, जहां पर स्वास्थ्य परीक्षण उपरांत 08 मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति के दृष्टिगत बेहतर उपचार हेतु जिला अस्पताल में भर्ती हेतु रेफर कर दिया गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी, फिरोजाबाद को मौके पर पहुंचकर घायलों के समुचित उपचार, हर संभव मदद एवं उनके स्वास्थ्य स्थिति की निगरानी हेतु निर्देश दिये हैं। पीड़ित परिजनों के साथ हर परिस्थिति में उत्तर प्रदेश सरकार साथ खड़ी है। ईश्वर से सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ हेतु कामना करता हूं।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776141 Articles

Share this story