लखनऊ एक्सप्रेस वे पर हादसा, इटावा के डीएफओ सहित दो की मौत, तीन घायल

WhatsApp Channel Join Now
लखनऊ एक्सप्रेस वे पर हादसा, इटावा के डीएफओ सहित दो की मौत, तीन घायल


लखनऊ एक्सप्रेस वे पर हादसा, इटावा के डीएफओ सहित दो की मौत, तीन घायल


फिरोजाबाद, 29 सितंबर (हि.स.)।लखनऊ एक्सप्रेसवे पर थाना नगला खंगर क्षेत्र में मंगलवार को सड़क हादसे में इटावा के डीएफओ और उनके कार चालक की मौत हो गई। डीएफओ की एक्सूयवी कार में स्कॉर्पियाे की टक्कर से हादसा हुआ। स्कॉर्पियो सवार कोलकाता के दंपती सहित तीन लोग घायल हुए हैं। उन्हें उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई में भर्ती कराया गया है।

राजस्थान के नागौर निवासी डीएफओ विकास नायक (36) कार से चालक देवांश (25) और केशवती (65) के साथ लखनऊ से नोएडा की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार आगरा - लखनऊ एक्सप्रेस वे पर थाना नगला खंगर क्षेत्र में किलोमीटर संख्या 69 पर पहुंची तभी दूसरी तरफ से अनियंत्रित होकर आई एक स्कॉर्पियो कार ने टक्कर मार दी। हादसे में डीएफओ विकास नायक, चालक देवांश व केशवती घायल हो गए। वही स्कॉर्पियो कार में सवार डेविड ब्रेन डिसूजा (61) और उनकी पत्नी ममता डिसूजा (59) निवासी राजारहाट, उत्तर कोलकाता, पश्चिम बंगाल भी घायल हो गए। दुर्घटना देख लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस के साथ वन विभाग के अधिकारी और यूपीडा की टीम भी मौके पर पहुंच गई। तत्काल पुलिस ने एंबुलेंस से सभी घायलों को पीजीआई सैफई उपचार के लिए भिजवाया। जहां चिकित्सक ने उपचार के दौरान डीएफओ विकास नायक और उनके कार चालक देवांश को मृत घोषित कर दिया। जबकि बाकी घायलों का उपचार हो रहा है।

बताया गया है कि घायल केशवती कानपुर में तैनात रेंजर उपासना की मां हैं। उन्हें जेवर जाना था। इसलिए वह डीएफओ के साथ जा रहीं थीं।

इस सम्बन्ध में सीओ सिरसागंज चंचल त्यागी का कहना है स्कॉर्पियो और एक्सयूवी कार की टक्कर में पांच लोग घायल हुए थे,जिन्हें उपचार के लिए सैफई भेजा गया था। वहां उपचार के दौरान इटावा में तैनात डीएफओ विकास नायक और उनके कार चालक देवांश की मृत्यु हुई है। बाकी घायलों का उपचार हो रहा है। हादसे की जांच कर कार्यवाही की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

Share this story