सड़क हादसे में घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत
मीरजापुर, 05 मई (हि.स.)। जिगना थाना क्षेत्र के सुमतिया गांव निवासी 68 वर्षीय कृष्ण कांत उर्फ ढकेलू प्रजापति की सड़क हादसे में घायल होने के बाद उपचार के दौरान मंगलवार शाम मौत हो गई। वह सोमवार शाम गांव के सामने सड़क पार कर रहे थे, तभी बाइक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घटना के बाद बाइक सवार उन्हें पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने उन्हें प्रयागराज के स्वरूप रानी मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिजन के अनुसार मृतक सिंचाई विभाग से चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद से सेवानिवृत्त थे। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटे और दो बेटियां हैं। मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

