बस की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दिव्यांग की मौत
फर्रुखाबाद, 31 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रूखाबाद जिले के थाना कादरीगेट क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार दिव्यांग युवक की मौत हो गई। उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज जिला अस्पताल लोहिया में चल रहा है।
मोहम्मदाबाद के मोहल्ला राजीव नगर निवासी गोपाल शुक्ला (30) पुत्र हरिचंद्र शुक्ला तथा अतुल (26) पुत्र राधामोहन किसी कार्य से फर्रुखाबाद आए थे। सोमवार देर रात वापस लौटते समय इटावा-बरेली हाईवे पर गांव सकवाई के पास तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना पर पहुंची 108 एम्बुलेंस ने दोनों घायलों को डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया। वहां ड्यूटी पर तैनात डॉ. अमन कुमार ने गोपाल शुक्ला को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, घायल अतुल का पैर फ्रैक्चर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। परिजनों के अनुसार, गोपाल शुक्ला चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था। कुछ दिन पूर्व ही उसके बड़े भाई का भी निधन हो गया था। बताया गया कि मृतक गोपाल एक पैर से दिव्यांग था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। थानाध्यक्ष विनोद शुक्ला ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

