फर्रूखाबाद सड़क हादसे में एक युवक की मौत, दो गम्भीर

WhatsApp Channel Join Now
फर्रूखाबाद सड़क हादसे में एक युवक की मौत, दो गम्भीर


फर्रुखाबाद, 21 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रूखाबाद जिले के थाना राजेपुर क्षेत्र में शुक्रवार रात सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

थाना क्षेत्र के ग्राम हमीरपुर सोमवंशी निवासी आनंद (18), मनोज (17) व विपिन (18) शुक्रवार को देर रात मोटरसाइकिल से कस्बा राजेपुर से अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे राजेपुर तिराहे से जमापुर मार्ग पर लगभग एक किलोमीटर आगे कोल्ड स्टोर के पास पहुंचे, आगे चल रही एक अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से उनकी बाइक जोरदार तरीके से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि आनंद पुत्र जगतपाल की मौके पर ही मौत हो गई। मनोज पुत्र रक्षपाल और विपिन पुत्र कल्लू गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर भिजवाया। जहां उनका उपचार जारी है। वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए फतेहगढ़ मोर्चरी भेज दिया गया है। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखी। प्रभारी निरीक्षक सुदेश कुमार विश्वकर्मा ने शनिवार काे बताया कि मामले में अभी तक तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली की तलाश भी की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story