लखीमपुर खीरी सड़क हादसे में पिता-पुत्र समेत चार की माैत, छह घायल

WhatsApp Channel Join Now
लखीमपुर खीरी सड़क हादसे में पिता-पुत्र समेत चार की माैत, छह घायल


लखीमपुर खीरी सड़क हादसे में पिता-पुत्र समेत चार की माैत, छह घायल


लखनऊ, 24 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में शहर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार की देर रात को ट्रक और मारूति वैन की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में वैन सवार पिता-पुत्र समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रुप से घायल हो गये। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे में लोगों की मौत पर दुख जताया है। साथ ही घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए।

क्षेत्राधिकारी महक शर्मा ने बताया कि सोमवार की देर रात को एक खाली ट्रक जो निघासन की ओर जा रहा था। लखीमपुर-निघासन रोड पर खम्भारखेड़ा चीनी मिल के सामने ट्रक की ओमनी वैन से टक्कर हो गई। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। अन्य छह लोगों का इलाज चल रहा है।

क्षेत्राधिकारी ने बताया कि हादसे में जान गवांने वालों में पप्पू और उसके पिता जगन्नाथ, अजय और बहादुर शामिल है। जबकि प्रयास, नवल किशोर, राजकिशोर, सनोज, अतुल कुमार और कमलेश घायल हो गये। कमलेश की हालत गंभीर होने पर लखनऊ रेफर किया गया है। घटना के बाद चालक फरार हो गया है, जिसकी तलाश में टीमों को लगाया गया है।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782263 Articles

Share this story