सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत, चचेरा भाई घायल

WhatsApp Channel Join Now
सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत, चचेरा भाई घायल


सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत, चचेरा भाई घायल


फतेहपुर, 20 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में शुक्रवार दोपहर सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।

जाफरगंज थाना क्षेत्र के रणमस्तपुर गांव निवासी अंजीत कुमार (22) चचेरे भाई कुलदीप (20) के साथ आज दोपहर करीब दो बजे मोटरसाइकिल से गढ़ी पेट्रोल पंप पर पेट्रोल लेने जा रहा था। दोनों गढ़ी चौराहे के पास पहुंचे, तभी अमौली की ओर से जोनिहां जा रहे चार पहिया वाहन से मोटरसाइकिल की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में मोटरसाइकिल सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने अंजीत कुमार को मृत घोषित कर दिया। घायल कुलदीप का उपचार चल रहा है। परिवार से पता चला है कि अजीत गुजरात में एक निजी फैक्ट्री में मजदूरी कर परिवार का सहयोग करता था। दीपावली के बाद से दोनों भाई गांव में ही रह रहे थे। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया।

सूचना पर पहुंचे जाफरगंज थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार शुक्ल ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम भेजते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहन को थाने में पहुंचा दिये गये हैं।-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780381 Articles

Share this story