अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल युवक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल युवक की मौत


बागपत, 16 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में बड़ौत थाना क्षेत्र के ग्राम बडोली निवासी 32 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतक की पहचान सौरभ पुत्र राजवीर के रूप में हुई है। वह रेलवे विभाग में प्राइवेट तौर पर अटेंडेंट का कार्य करता था। पुलिस मामले की जांच में जुट गई।

15 नवंबर की रात करीब 10:45 बजे अवनीश नाम का व्यक्ति सौरभ को घायल अवस्था में जिला अस्पताल बागपत लेकर पहुंचा। अवनीश ने बताया कि वह गौरीपुर से मकान निर्माण में प्रयोग होने वाली नई चाली खरीदकर ई-रिक्शा से बडोली लौट रहा था। गौरीपुर से आगे नेथला मोड़ स्थित पुलिया के पास भीड़ देखकर वह रुक गया। वहां उसका पड़ोसी सौरभ सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा मिला। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी थी।

इसके बाद अवनीश ने एंबुलेंस से सौरभ को जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज मेरठ रेफर कर दिया। हालांकि मेरठ ले जाते समय कलेक्ट्रेट के पास एंबुलेंस में ही सौरभ की मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव को वापस जिला अस्पताल बागपत ले आए।

परिजनों के अनुसार, सौरभ शाम करीब 5:30 बजे मोटरसाइकिल लेकर घर से निकला था। रात आठ बजे फोन पर उसने 20-25 मिनट में घर लौटने की बात कही थी। फिलहाल परिजनों ने पुलिस को लिखित तहरीर नहीं दी है। पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777873 Articles

Share this story