बाइक के पहिये में फंसा साड़ी का पल्लू, गिरकर महिला की मौत

WhatsApp Channel Join Now
बाइक के पहिये में फंसा साड़ी का पल्लू, गिरकर महिला की मौत


औरैया, 14 नवम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अछल्दा थाना क्षेत्र में शनिवार को बाइक सवार 62 वर्षीय महिला की जान चली गई। बाइक के पिछले पहिये में साड़ी का पल्लू फंसने से महिला संतुलन खो बैठीं और सिर के बल सड़क पर गिर पड़ीं। गंभीर रूप से घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अछल्दा ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अछल्दा थाना क्षेत्र के गुनौली गांव निवासी गीता देवी (62) पत्नी सर्वेश कुमार दुबे शनिवार को गांव के ही प्रदीप कुमार के साथ बाइक से रजुआमऊ गांव जा रही थीं। वहां आयोजित एक शादी समारोह में उन्हें पूड़ी बेलने का काम करना था। दोनों बाइक से गंतव्य की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में वंशी गांव के पास अचानक उनकी साड़ी का पल्लू बाइक के पिछले पहिये में उलझ गया। पल्लू पहिये में फंसते ही बाइक पर बैठी गीता देवी का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर सिर के बल जा गिरीं। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट लग गई।

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उन्हें निजी वाहन के जरिए सीएचसी अछल्दा पहुंचाया गया। वहां चिकित्सक अभिचल पांडेय ने स्वास्थ्य परीक्षण किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक मुन्नालाल पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776849 Articles

Share this story