लखनऊ : जेसीबी मशीन की चपेट में आने से वृद्ध महिला की मृत्यु, परिजनाें ने किया हंगामा
लखनऊ, 04 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के दुबग्गा थाना क्षेत्र में बुधवार को सड़क खुदाई के कार्य में लगी जेसीबी मशीन की चपेट में आने से वृद्ध महिला की मृत्यु हो गई। घटना से गुस्साएं परिवार ने सड़क पर हंगामा शुरू कर दिया। परिवार ने कार्रवाई का भारोसा देकर मामले को शांत कराया।
थाना प्रभारी श्रीकांत राय ने बताया कि आज दोपहर को थाना दुबग्गा क्षेत्रान्तर्गत मल्टी केयर हॉस्पिटल के सामने, अंधे की चौकी के पास जेसीबी से खुदाई चल रही थी। इस दौरान चालक जब जेसीबी बैक कर रहा था, तभी उस वाहन की चपेट में आकर महिला की मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के उपरांत मृतका के परिजन मौके पर पहुंचकर आक्रोश व्यक्त करने लगे। सूचना पर स्थानीय पुलिस तत्काल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी एकत्रित की। प्रारम्भिक जांच में मृतका की पहचान दुबग्गा के बेबी मार्टिन स्कूल के पास रहने वाली समीरा (60) वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

