आजमगढ़ में बेकाबू कार पेड़ से टकराई, तीन की माैत

WhatsApp Channel Join Now
आजमगढ़ में बेकाबू कार पेड़ से टकराई, तीन की माैत


आजमगढ़, 15 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में फूलपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह जगदीशपुर के पास तेज रफ्तार एक कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। सूचना मिलते ही फूलपुर के क्षेत्राधिकारी किरण पाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

उन्होंने बताया कि पंजाब नंबर की कार में कुल नौ लोग सवार थे, जो फूलपुर से सरायमीर की ओर जा रहे थे। मंगलवार तड़के उनकी कार जगदीशपुर के पास बेकाबू होकर पेड़ से टकराकर पलट गई। हादसे में कार सवार सत्यम मोदनवाल (20), निखिल (17) पुत्र रामफेर गुप्ता की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर स्थानीय लोगों की मदद से राहत-बचाव करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां घायल लकी सोनकर (19) ने इलाज के दाैरान माैत हाे गई।

जबकि हादसे में अंश सोनकर (17), अनमोल मोदनवाल (18), किशन मोदनवाल (20), सक्षम बरनवाल (17), अनुराग पांडेय और शगुन उर्फ कौस्तुभ पांडेय घायल हैं। सभी का इलाज अस्पताल में जारी है और हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने हादसे की जानकारी मृतकों और घायलों के परिवारीजनाें काे देते हुए अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।

क्षेत्राधिकारी किरण पाल सिंह ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं मृतकाें के शवाें काे कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Share this story