ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से घुसी बाइक, चालक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से घुसी बाइक, चालक की मौत


मीरजापुर, 10 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मीरजापुर जनपद के ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र स्थित मड़वा धनावल गांव में शनिवार रात सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी समेत दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

मड़वा धनावल निवासी 43 वर्षीय धरणीधर पाठक उर्फ छोटे पाठक शनिवार रात बड़े भाई की पुत्रवधू की तबीयत खराब होने पर उसे इलाज के लिए प्रयागराज जिले के कोरांव ले जा रहे थे। धरणीधर अपनी बाइक पर पत्नी निर्मला और भाई की पुत्रवधू विमला देवी को बैठाकर जा रहे थे, जबकि बीमार रंजना को दूसरे बाइक पर भतीजा मोनू लेकर चल रहा था। कोरांव थाना क्षेत्र के रामपुर कलां गांव के पास सामने से आ रही चार पहिया वाहन की तेज रोशनी के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा घुसी। हादसे में धरणीधर के सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी निर्मला और विमला गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना की सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को जानकारी दी। भतीजे मोनू और ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को दुर्जनीपुर स्थित सरदार अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। मृतक धरणीधर मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में एक निजी कंपनी में वाचमैन के पद पर कार्यरत थे। उनके परिवार में एक पुत्र और एक पुत्री हैं।

थाना प्रभारी भारत सुमन ने बताया कि सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराने पर बाइक चालक की मौत हुई है, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story