लखनऊ आगरा एक्सप्रेस-वे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत
लखनऊ, 03 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पारा थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात को लखनऊ आगरा एक्सप्रेस-वे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी सुरेश सिंह ने रविवार काे बताया कि देर रात थाना पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि मोहान रोड स्थित आगरा एक्सप्रेस-वे जीरो प्वाइंट के पास एक अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक की मृत्यु हो गई है। सूचना प्राप्त होते ही थाना स्थानीय पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। मृतक की शिनाख्त काकोरी के ग्राम भलिया निवासी रोहित (33) के रूप में हुई है।
बड़े भाई जितेंद्र ने बताया कि रोहित मैकेनिक का काम करता था। रात्रि 11:30 बजे वह पारा क्षेत्र स्थित आरपी ऑटो सर्विस सेंटर से काम खत्म करके घर जा रहा था। मोहान रोड पर आगरा एक्सप्रेस-वे जीरो प्वाइंट के पास पीछे से तेज रफ्तार वाहन ने मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौत हो गई। दुर्घटना के उपरांत चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरें खंगाले जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

