डंपर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, चालक फरार

WhatsApp Channel Join Now
डंपर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, चालक फरार


औरैया, 26 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जनपद औरैया के एरवाकटरा थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर सड़क हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

नगला बले गांव निवासी रणवीर सिंह (49) बिधूना स्थित अपने भाई ब्रजपाल के घर सरसों देने के लिए निकले थे। जैसे ही वह बीलपुर-एरवाकटरा मार्ग पर पहुंचे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रणवीर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पाकर थाना प्रभारी विनेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त डंपर को भी जब्त कर लिया गया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक रणवीर सिंह अविवाहित थे और गांव में रहकर खेती-किसानी का कार्य करते थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर हाल बेहाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही फरार चालक को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story