कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत


बांदा, 22 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में नरैनी कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार रात सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। घटना के बाद कार चालक वाहन सहित फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।

चौकी बरकौला के चौकी इंचार्ज सूबेदार बिंद ने बताया कि यह घटना खजुराहो हाईवे पर मुकेरा गांव के पास रात करीब 10 बजे की है, जहां तेज रफ्तार कार ने पीछे से बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक कार की चपेट में आ गए और करीब सौ मीटर तक घिसटते चले गए। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कार चालक वाहन सहित फरार हो गया। राहगीरों ने जब हादसा देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची। चौकी इंचार्ज सूबेदार बिंद ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरैनी पहुंचाया, जहां डॉ. लवलेश ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की पहचान मध्य प्रदेश के छतरपुर जनपद के गौहानी गांव निवासी रमेश (40) और मित्र मुलायम (35) के रूप में हुई है। दोनों नरैनी के बरकोला कला गांव में एक रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में शामिल होने आए थे और वापस अपने गांव लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। परिजनों ने बताया कि रमेश के छोटे भाई अजय उर्फ बबलू की शादी 30 अप्रैल को होनी है। इस घटना के बाद शादी वाले घर में मातम पसर गया। चौकी इंचार्ज ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। दुर्घटना को अंजाम देने वाले कार चालक की तलाश की जा रही है।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Share this story