सड़क हादसे में घायल युवक की मौत
अमेठी, 17 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में अमेठी जनपद के मुंशीगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कमला नगर बाजार में तेज रफ्तार दो बाइकों की आपस में टक्कर हो गई। घटना में छह लोग घायल हुए। इनमें से इलाज के दौरान एक घायल की मौत हो गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस आवश्यक वैधानिक कार्यवाही में लगी हुई है।
कोतवाल ने शुक्रवार को बताया कि गुुरुवार बीती रात गौरीगंज मुसाफिरखाना रोड पर स्थित कमला नगर बाजार में आमने-सामने से दो बाइक सवारों की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक पर बैठे कुल छह लोग घायल हुए । स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां पर इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई। एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है। इसके अतिरिक्त अन्य सभी को मामूली चोटे आई थी। प्राथमिक उपचार के बाद सब को घर भेज दिया गया।
काेतवाल ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जिला अस्पताल से पंचायतनामा भरकर लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक युवक की पहचान पवन कुमार (28), ग्राम पनिया, पोस्ट नरौली के रूप में हुई है। दोनों बाइक सवारों में से किसी की भी ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। शेष आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

