दो पहिया वाहनों की टक्कर में वृद्ध की मौत
हाथरस, 03 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में शुक्रवार को सादाबाद थाना क्षेत्र में दो पहिया वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक वृद्ध की मौत हो गई, जबकि राहगीर समेत चार लोग घायल हो गये। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
सादाबाद थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि नगला मया निवासी भगवान सिंह शुक्रवार दोपहर मोपेड से नौगांव से लौट रहे थे। इसी दौरान मथुरा रोड पर सामने से आ रही एक बाइक से उनकी टक्कर हो गई। हादसे में पैदल चल रहा एक राहगीर चपेट में आ गया। दुर्घटना में पांच लोग घायल हुए थे। सभी को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने भगवान सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि नौगांव निवासी अनिल को आगरा के हायर सेंटर रेफर किया गया। बाइक सवार मथुरा के रैपुरा जाट निवासी अंकित, नगला ब्राह्मण, थाना सहपऊ निवासी बृजेश और गौरव पुत्र घनश्याम का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेज दिया है।
थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि दो पहिया वाहनों की टक्कर में वृद्ध की मौत हो गई है। हादसे में चार लोग घायल हो गये। दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित रहा अब स्थिति सामान्य है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

