सड़क हादसे में परीक्षा देने जा रही छात्रा की मौत, दो घायल

WhatsApp Channel Join Now
सड़क हादसे में परीक्षा देने जा रही छात्रा की मौत, दो घायल


बाराबंकी, 25 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जिले बाराबंकी के टिकैतनगर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह सड़क हादसे में हाईस्कूल की परीक्षा देने जा रही एक छात्रा की मौत हो गई। इस दुर्घटना में उसकी सहेली और बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।

थाना प्रभारी मनोज सोनकर ने बताया कि ये हादसा उफरौली गांव के पास सुबह करीब 7:30 बजे हुआ।

मृतक छात्रा की पहचान कामिनी रावत के रूप में हुई है। घायलों में जनसी वर्मा और बाइक चला रहे अभिषेक वर्मा को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

थाना प्रभारी मनोज सोनकर ने बताया दोनों छात्राएं हाईस्कूल की परीक्षा देने के लिए बसंत इंटर कॉलेज जा रही थीं। घर से निकलने के बाद उफरौली गांव के पास टेंट सामग्री से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कामिनी रावत की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही टिकैतनगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया गया है। छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Share this story