मुंबई से गुवाहाटी जा रहे डीसीएम की वाराणसी में भारी ट्रक से टक्कर, केबिन काटकर निकाला गया चालक का शव
वाराणसी, 17 जुलाई (हि. स.)। वाराणसी में शुक्रवार को मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के मेंहदीगंज में बड़ा हादसा हो गया। मुंबई से गुवाहाटी जा रहे डीसीएम की मेंहदीगंज में रोड पर खड़ी एक भारी ट्रक से टकरा गई। जिससे डीसीएम का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और चालक बुरी तरह जख्मी होकर वही फंस गया। घटना के बाद भारी ट्रक वहां से निकल गई।
दुर्घटना में डीसीएम चालक के फंसे होने की सूचना पर पहुंची मिर्जामुराद थाना की पुलिस टीम ने केबिन को कटर से काटकर चालक को बाहर निकाला, किंतु तब तक चालक ने दम तोड़ दिया था।
मिर्जामुराद थाना के प्रभारी निरीक्षक गोपाल ने बताया कि मिर्जामुराद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। डीसीएम को सड़क से हटवाया गया है। मृतक की पहचान वाराणसी के चौबेपुर निवासी रामअचल प्रजापति के रूप में हुई है। उसकी पत्नी, दो पुत्री और एक पुत्र है। दुर्घटना के संबंध में सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई जा रही है, जिससे उस ट्रक का पता किया जा सके। जो मौके पर डीसीएम ट्रक से टकराई थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

