ई-रिक्शा में पिकअप ने मारी टक्कर, महिला की मौत

WhatsApp Channel Join Now
ई-रिक्शा में पिकअप ने मारी टक्कर, महिला की मौत


औरैया, 11 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में देवकली मंदिर से दर्शन कर ई-रिक्शा से घर लौट रही महिला की जालौन रोड पर सड़क हादसे में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

गांव करमपुर फतेहपुर निवासी राजेश की 50 वर्षीय पत्नी गुड्डी अपनी छोटी बहन रामश्री के साथ देवकली मंदिर में दर्शन करने गई थीं। मंगलवार को दर्शन के बाद दोनों ई-रिक्शा से वापस घर लौट रही थीं। जालौन रोड पर चौबे पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार पिकअप ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गुड्डी गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनके सिर में गंभीर चोट आई।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और आसपास के लोगों की मदद से घायल महिला को तत्काल 50 शैया अस्पताल पहुंचाया गया, चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के अनुसार, मृतका के पति मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनके परिवार में चार बेटियां और एक बेटा है। मां की मौत से बच्चों और अन्य परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना करने वाली पिकअप को पकड़ लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story