बाइक सवार युवक की मार्ग दुर्घटना में मौत

WhatsApp Channel Join Now
बाइक सवार युवक की मार्ग दुर्घटना में मौत


फर्रुखाबाद, 21 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार की देरशाम काे सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।

एटा जिले के थाना अलीगंज क्षेत्र स्थित गांव अमरोली निवासी जितेंद्र कुमार को थाना मऊ दरवाजा क्षेत्र के गांव पसई नगला स्थित अपनी ससुराल आए थे। देर शाम को वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान नवाबगंज-फर्रुखाबाद मार्ग पर थाना नवाबगंज के गांव महमदपुर के निकट किसी अज्ञात ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से जितेंद्र कुमार बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर फरार हो गया। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक जितेंद्र कुमार की मौत हो चुकी थी।

सूचना मिलने पर नवाबगंज थाना के अपराध निरीक्षक बृजमोहन पाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक की जेब से मिले मोबाइल फोन के जरिए पुलिस ने उसके भाई भूपेंद्र को हादसे की सूचना दी। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया। घटना के बाद पुलिस ने आसपास क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाते हुए लगभग चार ट्रैक्टरों को पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर थाने में खड़ा कराया है। पुलिस फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है। इंस्पेक्टर बृजमोहन पाल ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story