बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रही महिला की सड़क हादसे में मौत, जुड़वां बेटे और पति बाल-बाल बचे
औरैया, 14 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार सुबह बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रही एक महिला की सड़क हादसे में मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने स्कूटी को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर गंभीर चोटें आईं, जबकि पति और दोनों जुड़वां बेटे दूसरी ओर मिट्टी में गिरने से बाल-बाल बच गए। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी तलाश कर रही है।
श्याम नगर (अटसू) निवासी विशाल पोरवाल कस्बे में किराना व्यवसाय करते हैं। मंगलवार सुबह वह अपनी पत्नी मोहिनी पोरवाल (27) और पांच वर्षीय जुड़वां बेटों लव और कुश को स्कूटी से अजीतमल स्थित कान्हा इंटरनेशनल अकादमी छोड़ने जा रहे थे। जब उनका परिवार सिंह वाहिनी महाविद्यालय के पास बनी पुलिया के निकट पहुंचा, तभी अजीतमल की ओर से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने स्कूटी में सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी अनियंत्रित होकर पलट गई। पीछे बैठी मोहिनी सड़क पर गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि विशाल और दोनों मासूम बच्चे सड़क के दूसरी ओर मिट्टी में गिरने से सुरक्षित बच गए। राहगीरों ने तत्काल एम्बुलेंस बुलाकर घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली प्रभारी रमेश सिंह ने बताया कि सूचना पर पहुंची अजीतमल कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया है, जिसकी तलाश में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।--------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

