लखनऊ के किसान पथ पर सड़क हादसे में युवक की मौत
लखनऊ, 24 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बिजनौर थाना क्षेत्र में किसान पथ पर बुधवार को तेज रफ्तार बाइक खड़े कंटेनर से जा टकराया। हादसे में घायल युवक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
लखनऊ के बिजनौर थाना प्रभारी कपिल गौतम ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि, किसान पथ के नटकुर अंडरपास पर एक सड़क दुर्घटना हो गई है। सूचना प्राप्त होते ही थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच में ज्ञात हुआ कि मोटर साइकिल सवार एक युवक किसान पथ पर खड़े कंटेनर से टकरा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान नटकुर निवासी शिवम उर्फ बलदेव (22) के रूप में हुई। स्थानीय लोगों की सहायता से पुलिस ने घायल को इलाज के लिए सीएचसी सरोजनीनगर भेजा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की जानकारी से मृतक के परिजनों को अवगत कराया गया है। पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में ले लिया और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इस संबंध में तहरीर प्राप्त होने पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

