पिकअप से कुचल कर मासूम की मौत

WhatsApp Channel Join Now

फर्रुखाबाद, 04 जून (हि.स.)। नवाबगंज थाना क्षेत्र के ग्राम नगला चंदन में गुरुवार को पिकअपर वाहन के नीचे दब जाने से एक मासूम बच्चे की माैत हाे गई है। सूचना पाकर माैके पर पहुंची पुलिस ने शव काे पाेस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि मैनपुरी जिले का रहने वाले राेहित की पत्नी शिवानी अपने बेटे रिहान्स (2 ) काे लेकर कुछ दिन पहले मायके ग्राम नगला चंदन आई थी। शिवानी के पिता हरेंद्र और भाई सुबोध गांव में दूध डेयरी का संचालन करते हैं। प्रतिदिन की भांति गुरुवार को दूध लेने के लिए एक पिकअप घर पर पहुंची। दूध लोड होने के बाद चालक सनोज पिकअप वाहन काे बैक कर रहा था, इसी दाैरान वहां खेल रहा रिहान्स पिकअप वाहन के पिछले पहिए की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया गया है, जबकि पिकअप को मौके पर खड़ा कराया गया है। मासूम का शव घर के आंगन में रखा गया है। पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मृतक के पिता के मैनपुरी से आने का इंतजार किया जा रहा है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष राजीव कुमार के अनुसार क्षेत्र में कानून व्यवस्था की स्थिति सामान्य बनी हुई है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।

----------------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story