रोडवेज बस की टक्कर से युवक की मौत, चालक फरार
मीरजापुर, 19 मार्च (हि.स.)। विंध्याचल कोतवाली क्षेत्र के अष्टभुजा चौकी अंतर्गत टोल प्लाजा के पास बुधवार देर रात सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गया।
गोपालपुर मडगुड़ा गांव निवासी 22 वर्षीय पिंटू बिंद विगत दो वर्षों से झझरिया कंपनी, सीताकुंड नई रेल पटरी निर्माण कार्य में सुपरवाइजर के पद पर तैनात था। बुधवार रात ड्यूटी समाप्त कर वह अपने मित्र अशोक (निवासी छत्तीसगढ़) के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। जैसे ही दोनों अष्टभुजा टोल प्लाजा के पास पहुंचे, पीछे से प्रयागराज की ओर से आ रही सरकारी रोडवेज बस ने बाइक में टक्कर मार दी। चालक बस छाेड़कर फरार हाे गया। घटना की जानकारी मिलते ही माैके पर पहुंचे स्थानीय लोगों और परिजन की मदद से घायलों को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही पिंटू बिंद ने दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल अशोक का इलाज अस्पताल में चल रहा है। सूचना मिलते ही अष्टभुजा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और बस को कब्जे में ले लिया। चालक घटना के बाद फरार हो गया।
प्रभारी निरीक्षक विंध्याचल अविनाश प्रकाश राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के पिता राजकुमार बिंद की तहरीर पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है।
----------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

