बाराबंकी : सड़क हादसे में आठ वर्षीय बालक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
बाराबंकी : सड़क हादसे में आठ वर्षीय बालक की मौत


बाराबंकी, 03 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जनपद में फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र में रविवार को हुए सड़क हादसे में घायल आठ वर्षीय बालक की सोमवार सुबह लखनऊ के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान माैत हाे गई। घटना की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए फरार बाइक सवार की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, बनार गांव निवासी किसान प्रमोद कुमार रविवार को अपने खेत में खाद डालने गए थे। उनके साथ उनका आठ वर्षीय पुत्र अभयराज भी खेत पर मौजूद था और अपने दादा रामनाथ के साथ खेत के पास सड़क किनारे बैठा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक बाइक सवार ने नियंत्रण खो दिया और बालक काे टक्कर मार दी। घटना के बाद बाइक सवार माैके से फरार हाे गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल बालक काे परिजन तत्काल लखनऊ के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज शुरू हुआ। चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद सोमवार सुबह करीब पांच बजे उसकी मौत हो गई।

मासूम की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक बालक दो भाइयों व एक बहन में सबसे छोटा था और कक्षा एक का छात्र था।

फतेहपुर सीओ जगत राम कनाैजिया ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर फरार बाइक चालक की तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Share this story