तेल टैंकर और कार की टक्कर में नई नवेली दुल्हन सहित चार की मौत,एक घायल
शाहजहांपुर, 30 अप्रैल (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद शाहजहांपुर के खुटार थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर दुल्हन को विदा कराकर ले जा रहे एक परिवार की कार तेल के टैंकर से टकरा गई। हादसे में दुल्हन सहित चार लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुवायां थाना क्षेत्र के गांव अगौना बुजुर्ग निवासी अवधेश ने बताया कि उनके भतीजे रोहविल की शादी बीते 25 अप्रैल को खुटार थाना क्षेत्र के गांव पिपरिया भगवन्तपुर निवासी कल्पना(28)के साथ हुई थी। चौथी की विदा पर कल्पना अपने मायके आई हुई थी। गुरुवार को रोहविल के पिता अनिल व अन्य परिवारवाले कल्पना को विदा कराकर वापस अपने गांव अगौना बुजुर्ग जा रहे थे। खुटार थाना क्षेत्र में रौतापुर कला गांव के पास सामने से आ रहे एक तेल के टैंकर ने उनकी कार को टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए । हादसे में कार सवार कल्पना (28), पुरैना निवासी मौसेरी ननद शेशवी (28),मोहम्मदी निवासी फुफेरी सास रीना(35) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अनिल(50) तथा उनका भांजा निर्दोष(20) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक टैंकर को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां उपचार के दौरान निर्दोष(20) ने भी दम तोड़ दिया।
प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि हादसे में तीन महिलाओं और एक युवक की मौत हो गई है,जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / अमित कुमार शर्मा

