अम्बेडकरनगर सड़क हादसे में चार यात्रियों की मौत, तीन घायल

WhatsApp Channel Join Now
अम्बेडकरनगर सड़क हादसे में चार यात्रियों की मौत, तीन घायल


-मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर जताया दुख

अम्बेडकरनगर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अम्बेडकर नगर जिले में गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार तड़के बस और ट्रेलर की टक्कर में चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा जैतपुर थाना क्षेत्र में जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर सुबह करीब पांच बजे हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सड़क हादसे का संज्ञान लिया है। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजन के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक डा. तेजवीर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ज्ञात हुआ है कि यह वॉल्वो बस तेगरा एक्सप्रेस की है, जो दिल्ली से दरभंगा जा रही थी। जैतपुर क्षेत्रान्तर्गत गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर संख्या 85 पर संभवत: चालक को झपकी आने के कारण यह दुर्घटना होना प्रकाश में आया है। सूचना मिलते ही थाना जैतपुर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य करते हुए घायलों को उपचार के लिए सीएचसी नगपुर ले जाया गया। चिकित्सकों ने इलाज के दौरान चार यात्रियों को मृत घोषित कर दिया। घायल तीन यात्रियाें को बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज, सद्दरपुर रेफर किया है। बेहतर चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज कराया जा रहा है।

पुलिस मृतकों की पहचान कराने के प्रयास में जुटी हैं। हादसे में शामिल वाहनों को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक स्तर पर टक्कर के कारणों का पता लगाया जा रहा है और इसके लिए प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Share this story