लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर बोलेरो की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर बोलेरो की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौत


बाराबंकी, 28 अप्रैल (हि.स.) उत्तर प्रदेश के जनपद बाराबंकी के लोनीकटरा थाना क्षेत्र के ग्राम मंगलपुर कट के पास मंगलवार सुबह लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल दाेनाें युवकाें काे अस्पताल ले जाया गया, जहां डाॅक्टराें ने मृत घाेषित कर दिया। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच गये। पुलिस ने बोलेरो को कब्जे में लेकर हादसे की जांच शुरु कर दी है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस को बुलाया और दोनों घायलों को त्रिवेदीगंज सीएचसी भेजा गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान 40 वर्षीय बासदेव निवासी निजामपुर गोसाईगंज व 42 वर्षीय उदयराज निवासी ललईखेड़ा थाना लोनीकटरा के रूप में हुई है। उदयराज के घर दो दिन पहले ही वैवाहिक कार्यक्रम हुआ था। वह अपने रिश्तेदार बासदेव के साथ मंगलपुर चौराहे पर चाय पीने आए थे और वापस घर लौटते समय यह दर्दनाक हादसा हो गया।

लोनीकटरा थानाध्यक्ष अभिमन्यु मल्ल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना में शामिल बोलेरो को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक की लहर दौड़ गई ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Share this story