दो दर्जन से ज्यादा सपाइयाें ने ली रालोद की सदस्यता
लखनऊ, 21 सितंबर (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के पूर्व नेता एडवोकेट रुद्र प्रताप सिंह एवं प्रियांशु श्रीवास्तव के नेतृत्व में दर्जनों युवाओं ने सोमवार को राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह के प्रति आस्था व्यक्त करते युवा रालोद के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र सिंह पटेल की अध्यक्षता तथा पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं केंद्रीय संसदीय बोर्ड के सदस्य अनिल दुबे की उपस्थिति में सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता चौधरी भूपाल सिंह तथा बिपिन द्विवेदी भी मौजूद रहे।
नवागत सदस्यों का स्वागत करते हुए युवा रालोद के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र सिंह पटेल ने कहा कि युवा साथियों के राष्ट्रीय लोकदल में शामिल होने से निश्चित रूप से पार्टी को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि युवा एवं अधिवक्ता वर्ग का पार्टी से जुड़ना संगठन के लिए उत्साहवर्धक है। उन्होंने सभी साथियों से संगठन को मजबूत करने के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज युवाओं के साथ साथ अधिवक्ता साथियों एवं कई उद्यमियों ने भी पार्टी में शामिल होने की घोषणा की है यह हर्ष का विषय है।
युवा रालोद के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी किसान, गांव, गरीब और युवा वर्ग के संघर्ष में हमेशा उनके साथ खड़ा रहा है। पार्टी समाज के सभी वर्गों के हितों और अधिकारों के लिए निरंतर आवाज उठाती रही है।
इस अवसर पर उपस्थित पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अनिल दुबे ने युवा साथियों का उत्साहबर्धन करते हुए कहा कि हमारे नेता चौधरी जयंत सिंह युवाओं के भविष्य के लिए हमेशा संघर्ष करते हैं। सभी साथियों को पार्टी में उचित सम्मान मिलेगा।
इस अवसर पर रुद्र प्रताप सिंह एवं प्रियांशु श्रीवास्तव ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल की नीतियों तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह के नेतृत्व में विश्वास व्यक्त करते हुए उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। उन्होंने कहा कि वे संगठन को मजबूत करने और पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
सदस्यता ग्रहण करने वालों में मुख्य रूप से एडवोकेट जैनेंद्र सिंह पटेल , अंकित कुमार, ठाकुर जय प्रताप सिंह, हिमांशु यादव, सचिन सिंह, शिवेंद्र प्रताप सिंह, सुधांशु सिंह, इसरार, अतुल सरोज, पिंकू सिंह, समीर यादव प्रमुख रूप से रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

