प्रयागराज के युवाओं ने थामा रालोद का दामन, छात्रसभा के विस्तार को मिली नई मजबूती

WhatsApp Channel Join Now
प्रयागराज के युवाओं ने थामा रालोद का दामन, छात्रसभा के विस्तार को मिली नई मजबूती


- अमन पांडे के प्रयासों से युवाओं का रालोद के प्रति बढ़ रहा रुझान, विवेक कुशवाहा के नेतृत्व में कई युवाओं ने ली सदस्यता

लखनऊ, 10 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के प्रति युवाओं और छात्रों के बढ़ते रुझान के बीच शनिवार को लखनऊ स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय में प्रयागराज के कई युवाओं ने राष्ट्रीय लोकदल की सदस्यता ग्रहण की।

राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह एवं कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में रालोद छात्रसभा के प्रदेश अध्यक्ष अमन पांडे के प्रयासों से विवेक कुशवाहा के नेतृत्व में युवाओं ने पार्टी से जुड़ने की घोषणा की।

इस अवसर पर प्रयागराज जिले से विवेक कुशवाहा के साथ अभिषेक कुशवाहा, दीपू कुशवाहा, लालता प्रसाद कुशवाहा, जय सिंह कुशवाहा, विशेष केसरवानी एवं अर्पित कुशवाहा ने राष्ट्रीय लोकदल की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में प्रयागराज के क्षेत्रीय अध्यक्ष गोपाल सिंह भी उपस्थित रहे।

पार्टी पदाधिकारियों ने युवाओं का स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके जुड़ने से प्रयागराज में राष्ट्रीय लोकदल के संगठन को मजबूती मिलेगी और युवाओं के बीच पार्टी की विचारधारा एवं नीतियों का व्यापक प्रचार-प्रसार होगा। इस अवसर पर छात्रसभा के प्रदेश अध्यक्ष अमन पांडे के प्रयासों की चर्चा करते हुए बताया गया कि उनके नेतृत्व में छात्रसभा लगातार संगठन के विस्तार और युवाओं को पार्टी से जोड़ने के लिए सक्रिय भूमिका निभा रही है। छात्रसभा द्वारा युवाओं के बीच संवाद स्थापित करने, उनकी समस्याओं को समझने तथा शिक्षा, रोजगार और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को उठाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

‘कैंपस कनेक्ट’ अभियान से छात्रों को जोड़ने की पहल

28 सितंबर को राष्ट्रीय लोकदल छात्रसभा द्वारा प्रदेशव्यापी ‘कैंपस कनेक्ट’ अभियान की शुरुआत की गई थी। इस अभियान का उद्देश्य प्रदेश के विभिन्न कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद स्थापित करना, उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को समझना तथा उन्हें शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और सामाजिक विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक करना है।

अभियान के अंतर्गत छात्रसभा प्रदेश के विभिन्न जिलों में कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इसी क्रम में हाल ही में गाजीपुर में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें छात्रों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं विचारों को समझने का प्रयास किया गया।

अमन पांडे के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान के माध्यम से छात्रसभा युवाओं को संगठन से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों में रचनात्मक भागीदारी के लिए प्रेरित कर रही है। विभिन्न जिलों में हो रहे कार्यक्रमों और युवाओं की भागीदारी से छात्रसभा के संगठनात्मक विस्तार को गति मिल रही है।

राष्ट्रीय लोकदल छात्रसभा का मानना है कि युवाओं की ऊर्जा, विचारों और सक्रिय भागीदारी से संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलेगी। प्रयागराज के युवाओं का पार्टी से जुड़ना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। आने वाले दिनों में ‘कैंपस कनेक्ट’ अभियान के तहत प्रदेश के अन्य जिलों में भी छात्र संवाद एवं संगठन विस्तार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

राष्ट्रीय लोकदल छात्रसभा का लक्ष्य प्रदेश के युवाओं को शिक्षा, रोजगार, सामाजिक न्याय और विकास के मुद्दों पर एक सशक्त मंच प्रदान करना तथा उन्हें सकारात्मक बदलाव की प्रक्रिया में सहभागी बनाना है।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story