नवरात्र की तैयारियों और मंडलीय विकास कार्यों की समीक्षा, सड़कों की मरम्मत के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
नवरात्र की तैयारियों और मंडलीय विकास कार्यों की समीक्षा, सड़कों की मरम्मत के निर्देश


मीरजापुर, 25 सितंबर (हि.स.)। नवरात्र मेले की तैयारियों, मंडलीय विकास कार्यों, लंबित परियोजनाओं और कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा के लिए मंडलायुक्त राजेश प्रकाश की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें मेले से पहले सड़कों की मरम्मत, पेयजल और अन्य नागरिक सुविधाओं को दुरुस्त करने पर जोर दिया गया। मंडलायुक्त ने मीरजापुर और विंध्याचल की सड़कों की मरम्मत नवरात्र शुरू होने से पहले पूरी कराने के निर्देश दिए।

बैठक में लोक निर्माण विभाग, एनएच, जल निगम और नगर निकायों के अधिकारियों से सड़क कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। जल निगम नगरीय को नवरात्र तक नए स्थानों पर सड़क की खुदाई नहीं करने तथा पहले से खोदी गई सड़कों की मरम्मत कराने को कहा गया। काम में देरी होने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

भरूहना चौराहे से विंध्याचल-अष्टभुजा मार्ग की खराब स्थिति पर जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने बताया कि संबंधित ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट करने की संस्तुति भेजी गई है। मंडलायुक्त ने एनएच के प्रोजेक्ट मैनेजर को नए ठेकेदार की व्यवस्था कर सड़क की मरम्मत कराने के निर्देश दिए।

मंडलायुक्त ने मीरजापुर की 21, सोनभद्र की आठ और भदोही की 13 लंबित परियोजनाओं की भी समीक्षा की। कानून व्यवस्था के तहत भारी वाहनों के रूट डायवर्जन, पीस कमेटी की बैठक और विसर्जन स्थलों के चिन्हांकन की जानकारी ली गई।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story